नईदिल्ली (07 अगस्त 24)। भारत के पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में सियासी उथल-पुथल के कारण अराजकता फैली है। जिसका असर भारत पर भी होता दिख रहा है। भारत की प्रमुख एविएशन कंपनियों ने अपनी बांग्लादेश की ओर जाने वाली उड़ानों को लेकर अहम निर्णय लिया है। अपने पुराने इतिहास को दोहराते हुए बांग्लादेश में एक बार फिर से तख्तापलट हुआ है और इस बार भी सेना की असंतुष्ट बागी टुकड़ी ही सूत्रधार रही। परिवार भी वही शेख मुजीबुर्रहमान का है। कल शेख हसीना के पीएम पद से इस्तीफा देने के बाद एयर इंडिया ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी थी। वहीं आज फिर से एयर इंडिया अपने सेवाएं शुरु करने जा रहा है। एअर इंडिया मंगलवार शाम को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से ढाका के लिए अपनी निर्धारित उड़ान संचालित करेगी जबकि पड़ोसी देश बांग्लादेश की राजधानी के लिए विस्तारा की निर्धारित सेवाएं 7 अगस्त से चालू होंगी। एअर इंडिया ने मंगलवार को ढाका के लिए अपनी सुबह की उड़ान रद्द कर दी थीं। विमानन कंपनी मंगलवार को दिल्ली-ढाका-दिल्ली के लिए निर्धारित अपनी शाम की उड़ान एआई 237/238 संचालित करेगी। विमानन कंपनी ने एक बयान में यह भी बताया कि बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति के कारण, 4 से 7 अगस्त के बीच ढाका से आने-जाने वाली उड़ान पर ‘कन्फर्म बुकिंग' वाले यात्रियों को यात्रा पुनर्निर्धारण के लिए एक बार की छूट दी जा रही है।