नईदिल्ली (05 अगस्त 24)। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, और देश में अब अंतरिम सरकार शासन की बागडोर संभालेगी। सेना प्रमुख जनरल वकार-उज़-जमान ने सोमवार को इस स्थिति की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि उन्होंने राजनीतिक दलों के नेताओं से बात की है और उन्हें सूचित किया है कि सेना कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगी। बांग्लादेश में बदलती स्थिति के मद्देनजर, भारत ने अपनी सीमा सुरक्षा को मजबूत किया है। सीमा सुरक्षा बल ने भारत-बांग्लादेश सीमा के 4,096 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में सभी यूनिट को हाई अलर्ट पर रखा है। BSF के कार्यवाहक महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी और सीनियर अधिकारी कोलकाता पहुंच गए हैं, जहां भारत-बांग्लादेश सीमा सुरक्षा की समीक्षा की जाएगी।
भारत ने बांग्लादेश में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एक विशेष सलाह जारी की है। इस सलाह में नागरिकों से कहा गया है कि वे बांग्लादेश में हालिया हिंसा की घटनाओं के कारण अत्यधिक सावधानी बरतें और अपनी आवाजाही सीमित रखें। विदेश मंत्रालय ने एक परामर्श जारी करते हुए भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे बांग्लादेश की यात्रा से बचें। परामर्श में कहा गया है, "वर्तमान घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे अगले आदेश तक बांग्लादेश की यात्रा न करें। बांग्लादेश में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने, अपनी आवाजाही को सीमित रखने और ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग के संपर्क में रहने की हिदायत दी जाती है।"