Wednesday, 30 Sep 2026

बांग्लादेश में 90 फीसदी जो हिंदू बचा है, वह दलित है: योगी

लखनऊ (11 अगस्त 24)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को विपक्षी दलों मुख्य रूप से समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें अत्याचार में भी 'वोट बैंक' दिखाई देता है, वो जनता के हितैषी नहीं हो सकते हैं। योगी ने शनिवार को यहां मिल्कीपुर में अयोध्या धाम स्थित अशर्फी भवन के नवनिर्मित श्री राम मंदिर में नूतन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा और ब्रह्मलीन जगदाचार्य स्वामी मधुसूदनाचार्य जी महाराज व ब्रह्मलीन जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी माधवाचार्य जी महाराज की दिव्य-भव्य प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'नकारात्मक शक्तियों के मन में आपके प्रति सम्मान नहीं बल्कि दिखावटीपन है।' बांग्लादेश के मौजूदा हालात को लेकर योगी ने कहा कि वहां प्रताड़ित होने वाले 90 प्रतिशत हिन्दू दलित समाज का हिस्सा हैं, मगर वहां के हिन्दू यहां के वोट बैंक नहीं हैं तो सभी के मुंह सिले हुए हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बांग्लादेश के हिन्दुओं की रक्षा करना हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिन्दू होना गलती नहीं है, बल्कि सौभाग्य है और उनकी रक्षा करना और पीड़ा के वक्त उनके साथ खड़ा होना हमारा दायित्व है।

योगी ने सवाल करते हुए कहा कि 'जिन्हें अत्याचार में भी वोट बैंक दिखाई देता है, वो आपके हितैषी कैसे हो सकते हैं।' मुख्यमंत्री ने अयोध्या में पिछले दिनों एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म मामले की ओर इशारा करते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। पुलिस ने 30 जुलाई को 12 साल की लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में अयोध्या जिले के भदरसा में बेकरी संचालक मुईद खान और उसके कर्मचारी राजू को गिरफ्तार किया था। इस मामले में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने गत दिनों विधानसभा में कहा था, ‘यह अयोध्या का मामला है। मुईद खान समाजवादी पार्टी से है और अयोध्या के सांसद (अवधेश प्रसाद) की टीम का सदस्य है। वह 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मुख्य आरोपी है। समाजवादी पार्टी ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!