Tuesday, 29 Sep 2026

बागड़ धाम हादसा, 12 की मौत, योगी दुःखी

लखनऊ (07 सितंबर 26)। राजस्थान से उत्तर प्रदेश के बदायूं जा रही एक पिकअप गाड़ी के बागपत जिले में डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से उसमें सवार 12 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 20 अन्य लोग घायल हो गये। इस घटना पर सीएम योगी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कहा जनपद बागपत में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹02-02 लाख व घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

बागपत के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर तीरथ लाल ने से बातचीत के दौरान हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान की जा रही है। इससे पहले, मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अजीत चौधरी ने हादसे में छह लोगों की मौत होने की पुष्टि की थी। पुलिस अधीक्षक सूरज राय ने बताया कि राजस्थान से बदायूं जा रहा एक पिकअप वाहन रविवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे खेकड़ा थाना क्षेत्र में डिवाइडर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। राय ने बताया कि घायलों को खेकड़ा और बागपत के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और बागपत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि घायल यात्री कुंवर पाल के अनुसार हादसे के समय ज्यादातर यात्री वाहन में सो रहे थे तभी अचानक जोरदार आवाज के साथ गाड़ी पलट गयी।

राय ने बताया कि वाहन चालक ने उन्हें बताया कि गाड़ी को पीछे से किसी दूसरी गाड़ी ने टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अजीत चौधरी ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हो चुकी है। चौधरी ने बताया कि पुलिस मृतकों और घायलों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें जरूरी मदद उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मृतकों और घायलों के बारे में जानकारी चाहने वाले परिजनों से बागपत पुलिस से फोन के जरिए संपर्क करने की अपील की है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!