Thursday, 01 Oct 2026

बागेश्वर धाम, पं. धीरेंद्र शास्त्री पर आपत्तिजनक पोस्ट

छतरपुर (08 जुलाई 26)। सोशल मीडिया फेसबुक पर देवी-देवताओं एवं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता शंभू कुशवाहा पर आरोप लगा है। मामले में उनके खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लोधी कुईया निवासी सत्यम शर्मा (30) ने शिकायत दर्ज कराई कि 4 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे फेसबुक पर 'शम्भू कुशवाहा' नाम के अकाउंट से देवी-देवताओं और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के संबंध में कथित आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए पोस्ट की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। सत्यम शर्मा ने बताया कि उन्होंने संबंधित पोस्ट का स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखा और अन्य लोगों को भी दिखाया। इसके बाद सिटी कोतवाली में लिखित शिकायत देकर संबंधित फेसबुक अकाउंट धारक एवं कांग्रेस नेता शंभू कुशवाहा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद प्रथम दृष्टया मामला पाए जाने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है। हालांकि यह मामला शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। पोस्ट की सत्यता और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!