इंदौर (03 मई 25)। कनाड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत फिनिक्स मॉल के पास शुक्रवार शाम भीषण हादसा हो गया, जिसमें महिला-पुरुष की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों को गंभीर चोंट आई है, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार घटना शाम 7:30 बजे हुई। बायपास पर 18 पहिए का ट्रॉला आ रहा था। ट्रॉले में प्लास्टिक के दाने भरे हुए थे। यह मांगलिया से आते हुए खंडवा की तरफ जा रहा था, तभी अनियंत्रित होकर वह डिवाइडर कूदते हुए दूसरी और पलटी खा गया, जिससे वहां खड़ा युवक दब गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जैसे-तैसे युवक के शव को निकाला। मृतक का धड़ और सिर पूरी तरह खराब हो गए थे, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई। इस युवा को टक्कर मारने के बाद ट्रॉले ने एक और पलटी खाई और एक्टिवा पर जा रहे तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। चपेट में आने से महू निवासी शीतल पति विजय अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी बेटी आस्था और बेटे को गंभीर चोट आई है, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने बताया कि महू का परिवार इंदौर में खरीदी करने आया था। यहां से लौटते समय वह हादसे का शिकार हो गया। शीतल के पति विजय आर्मी में ठेकेदार हैं। वे तीन चार दिन बाद रामेश्वरम दर्शन करने जाने वाले थे। इसलिए खरीदी करने इंदौर आए थे।