इंदौर (08 जुलाई 26)। शहर से लगे बिचौली मर्दाना क्षेत्र में मंगलवार रात तेंदुए की दस्तक से हड़कंप मच गया। रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच एक डिलीवरी बॉय पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक छोड़कर दौड़ लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद तेंदुआ पास के एक मकान के बाथरूम में घुस गया। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से वन विभाग और रालामंडल अभयारण्य की रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। बारिश और अंधेरा होने के कारण टीम को मौके तक पहुंचने में कुछ समय लगा। इस दौरान लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती रही, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन की चुनौती भी बढ़ गई। बताया जा रहा है कि रालामंडल अभयारण्य और देवगुराड़िया क्षेत्र में तेंदुओं की मौजूदगी रहती है। इसी कारण बायपास से लगे बिचौली मर्दाना, देवगुराड़िया और आसपास के इलाकों में पहले भी कई बार तेंदुओं का मूवमेंट देखा जा चुका है। मंगलवार रात बारिश के कारण सड़कें अपेक्षाकृत सुनसान थीं। इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय सामान देने के लिए इलाके में पहुंचा। अचानक तेंदुआ उसके सामने आ गया और उस पर झपट पड़ा। हमले से घबराए युवक ने तुरंत बाइक छोड़ दी और दौड़कर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि वह सुरक्षित निकल गया। हमले के बाद तेंदुआ पास के एक मकान के बाथरूम में घुस गया। इसके बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। तेंदुए को देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की समझाइश दी और इलाके की घेराबंदी की गई। रात करीब 11 बजे रेस्क्यू दल के प्रभारी रेंजर योगेश यादव और इंदौर रेंज की डिप्टी रेंजर कोमल पालीवार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ को हटाने और तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी था। डिलीवरी बॉय पर तेंदुए के हमले की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज सामने आने के बाद इलाके के लोगों में और अधिक दहशत फैल गई। वन विभाग फुटेज के आधार पर तेंदुए की गतिविधियों का भी आकलन कर रहा है।