Tuesday, 29 Sep 2026

बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री पर लोकायुक्त का छापा

इंदौर (22 जुलाई 26)। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री शिवराम सेमिल के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को इंदौर, पीथमपुर, धार और मुरैना सहित कुल 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। प्रारंभिक जांच में अधिकारी के पास वैध आय की तुलना में 258 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने के प्रमाण मिले हैं। लोकायुक्त ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोकायुक्त के अनुसार शिवराम सेमिल ने 33 वर्ष की नौकरी के दौरान करीब 2 करोड़ रुपए का शुद्ध वेतन प्राप्त किया, जबकि अब तक की जांच में उनके द्वारा 7.16 करोड़ रुपए से अधिक का व्यय सामने आया है। यानी वैध आय से करीब 258 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रमाण मिले हैं।

बेटे, बहू और दामाद के नाम फैक्ट्रियां

जांच में सामने आया कि आरोपी के बेटे शुभम सेमिल के नाम पीथमपुर में 'शुभम इलेक्ट्रिकल' नाम से ट्रांसफार्मर निर्माण की फैक्ट्री संचालित हो रही है। वहीं बहू और अन्य परिजनों के नाम 'कर्निश पावरजोन' फर्म पंजीकृत मिली, जिसके नाम पर औद्योगिक प्लॉट और नई फैक्ट्री का निर्माण चल रहा है। इसके अलावा दामाद और बेटे के नाम धार जिले के उज्जैनी औद्योगिक क्षेत्र में 'एस.एस. इलेक्ट्रिकल्स' तथा 'कृष्णा पावर' के नाम से भी औद्योगिक इकाइयां मिली हैं। लोकायुक्त को एक रिश्तेदार के नाम से संचालित 'ए-वन इलेक्ट्रिकल' फैक्ट्री की भी जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है।

आलीशान बंगला, प्लॉट और इलेक्ट्रिक कार भी मिली जांच में सिलिकॉन सिटी स्थित करीब 1.20 करोड़ रुपए का तीन मंजिला बंगला, ओमेक्स सिटी में प्लॉट, इंदौर में कई व्यावसायिक कार्यालय, मुरैना में दो मंजिला मकान और महिंद्रा की इलेक्ट्रिक कार भी मिली है। विभिन्न फैक्ट्रियों और संपत्तियों में करोड़ों रुपए का निवेश सामने आया है। महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश, डीआईजी मनोज सिंह के मार्गदर्शन और एसपी राजेश सहाय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इंदौर, पीथमपुर, धार और मुरैना में लोकायुक्त की अलग-अलग टीमों ने एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!