Wednesday, 30 Sep 2026

बिना रुकावट जारी रहेगी भारत को ईंधन की सप्लाई: पुतिन

नईदिल्ली (05 नवंबर 25)। नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में पीएम नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की प्रेस कॉन्फ्रेस हुई। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों की मित्रता चुनौतियों के बीच भी ध्रूव तारे की तरह है। पीएम ने कहा, 'वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत और रूस की दोस्ती ध्रुव तारे की तरह है जो हमें सही दिशा दिखाती है।'

यह बयान ऐसे समय में आया है जब यूक्रेन युद्ध के कारण वैश्विक भू-राजनीति में बड़े बदलाव आए हैं। पीएम मोदी ने ज़ोर दिया कि दोनों देशों के संबंध किसी भी बाहरी दबाव या उतार-चढ़ाव से प्रभावित नहीं होते, बल्कि विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी पर आधारित हैं। जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय प्रतिनिधियों द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का अपने आवास पर दिए गए डिनर के लिए भी आभार व्यक्त किया। पुतिन ने कहा कि रूस भारत की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के लिए ईंधन की लगातार और बिना रुकावट आपूर्ति जारी रखने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत और रूस के बीच भुगतान निपटान में राष्ट्रीय मुद्राओं के उपयोग की प्रक्रिया तेज़ी से बढ़ रही है और अब दोनों देशों में 96% वाणिज्यिक लेन-देन अपनी-अपनी मुद्राओं में हो रहे हैं।

जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भारत-रूस के संबंधों को लगातार आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रपति पुतिन के नेतृत्व की जमकर प्रशंसा की। पीएम मोदी ने कहा, '15 साल पहले, 2010 में, हमारी साझेदारी को स्पेशल प्रिविलेज्ड स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया गया था।' उन्होंने आगे कहा, 'पिछले ढाई दशकों में राष्ट्रपति पुतिन ने अपने नेतृत्व और विजन से इस रिश्ते को लगातार आगे बढ़ाया है। हर परिस्थिति में उनके नेतृत्व ने हमारे संबंधों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।' पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन का भारत के प्रति उनकी गहरी मित्रता और अटूट प्रतिबद्धता के लिए दिल से आभार व्यक्त किया।



Tags:

Follow us

This question is not available..!