Tuesday, 29 Sep 2026

बिहार में आधी रात भूकंप के झटकों से डोली धरती

नईदिल्ली (28 फरवरी 25)। भारत, नेपाल, तिब्बत और पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। शुक्रवार तड़के भारत के बिहार, नेपाल के बागमती प्रांत, तिब्बत और पाकिस्तान के विभिन्न इलाकों में भूकंप आया। हालांकि, अब तक किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

भारतीय नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, पटना में रात 2:35 बजे 5.5 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। इसका केंद्र नेपाल के बागमती प्रांत में था, जो बिहार के मुजफ्फरपुर से लगभग 189 किलोमीटर उत्तर में स्थित है। इसी समय नेपाल और तिब्बत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। तिब्बत में भूकंप की तीव्रता 4.1 दर्ज की गई, और इसका केंद्र धरती के 70 किलोमीटर नीचे था।

पाकिस्तान में भी शुक्रवार सुबह 5:14 बजे 4.5 तीव्रता का भूकंप आया। इससे पहले 16 फरवरी को भी पाकिस्तान में भूकंप आया था, जिसका केंद्र रावलपिंडी के पास था। हालांकि, इन झटकों से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। नेपाल में सुबह भूकंप आया, जिससे पूरे हिमालय क्षेत्र में झटके महसूस किए गए। वहीं बिहार की राजधानी पटना और इसके आस-पास के कई स्थानों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। बताया जा रहा है कि भूकंप आया है। पटना के अलावा अररिया, सीतामढ़ी, शिवहर, कटिहार समेत कई जिलों में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र नेपाल के बागमती क्षेत्र में धरती के 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप का केंद्र नेपाल में 27.79 N अक्षांश और 85.75 E देशांतर पर था। रिक्टर पैमाने पर भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने इसकी तीव्रता 5.5 मापी है। वहीं, भूकंप के झटकों के कारण घबराए लोग अपने अपने घरों से बाहर निकल आए। पटना में लोगों ने इमारतों और छत के पंखों के हिलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किए हैं। हालांकि,भूकंप की वजह से अब तक किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से शांत रहने और किसी भी आपात स्थिति में आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!