Monday, 28 Sep 2026

बिहार में छात्रों का हंगामा, तोड़े बैरिकेड

पटना (26 अगस्त 26)। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) के अभ्यर्थियों समेत विभिन्न छात्र संगठनों के प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश में पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। 

पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान से मार्च निकालकर डाकबंगला चौराहे पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेड लगाए थे। इस दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया। हाथों में तिरंगा लिए प्रदर्शनकारी छात्रों की पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई और उन्होंने डाकबंगला चौराहे पर लगे बैरिकेड तोड़ दिए। छात्र पिछले कई सप्ताह से पटना के गर्दनीबाग में धरना दे रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में बीपीएससी टीआरई-4 में एक स्तरीय परीक्षा प्रणाली लागू करना, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना, बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) की लंबित भर्ती परीक्षाएं आयोजित करना तथा हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों को समान अवसर देना शामिल है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने बीपीएससी की 70वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए परीक्षा रद्द करने की भी मांग की। 














Tags:

Follow us

This question is not available..!