Friday, 09 Oct 2026

बिहार में दूसरे चरण का प्रचार खत्म, कल मतदान

पटना (10 नवंबर 25)। बिहार में 122 विधानसभा सीटों पर दूसरे और अंतिम चरण में 11 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए आज शाम प्रचार का शोर थम गया और अब प्रत्याशी जनसम्पर्क के जरिए वोट जुटाने में लग गये हैं। दूसरे और अंतिम चरण के चुनाव में राष्ट्रीय जनतंत्रिक गठबंधन से जिन दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है, उनमें पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, बिजेन्द्र प्रसाद यादव,डा. प्रेम कुमार, नीरज कुमार सिंह, लेशी सिंह,नीतीश मिश्रा, सुनील कुमार पिंटू, सुमित कुमार सिंह, जयंत राज, विजय कुमार मंडल,मोहम्मद जमा खान,प्रमोद कुमार, कृष्ण नंदन पासवान,कृष्ण कुमार ऋषि, शीला मंडल, महाबली सिंह, दुलालचंद गोस्वामी, श्रेयसी सिंह, राजू तिवारी, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा की पत्नी स्नेह लता, अनिल कुमार, हिदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी की बहू दीपा कुमारी और समधन ज्योति देवी समेत अन्य शामिल हैं।

इसी तरह महागठबंधन से पूर्व विधान सभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव, पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, अब्दुल जलील मस्तान,बीमा भारती, कौशल यादव, पूर्णिमा यादव,राजेश राम, अजीत शर्मा, समेत अन्य की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुयी है। इन सबके साथ ही ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलिमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अख्तरुल ईमान भी दूसरे दौर के चुनावी अखाड़े में जोर आजमाइश के लिए उतरे हैं। दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान का सामान्य समय सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक रहेगा। सुरक्षा कारणों से कटोरिया (सुरक्षित) के 121 मतदान केन्द्र, बेलहर के 140 मतदान केन्द्र, चैनपुर, चेनारी (सुरक्षित) के 62 मतदान केन्द्र, गोह के 25 मतदान केन्द्र, नवीनगर के 26 मतदान केन्द्र, कुटुंबा (सुरक्षित) के 169 मतदान केन्द्र,औरंगाबाद के 57 मतदान केन्द्र, रफीगंज के 125 मतदान केन्द्र, गुरूआ के 12 मतदान केन्द्र, शेरघाटी के 48 मतदान केन्द्र, इमामगंज (सुरक्षित) के 361 मतदान केन्द्र, बाराचट्टी (सुरक्षित) के 36 मतदान केन्द्र, बोधगया (सुरक्षित) के 20 मतदान केन्द्र, रजौली (सुरक्षित), गोविंदपुर और जमुई जिले की सभी चार सीटें सिकंदरा (सुरक्षित), जमुई, झाझा और चकाई में मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक ही चलेगा।    

इन 122 विधानसभा क्षेत्रों के मतदान में 11 नवंबर को 45399 मतदान केंद्र पर तीन करोड़ 70 लाख 13 हजार 556 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 136 महिला और 1165 पुरुष प्रत्याशी और एक अन्य समेत कुल 1302 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में बंद कर देंगे। मतदाताओं में एक करोड़ 95 लाख 44 हजार 41 पुरुष, एक करोड़ 74 लाख 68 हजार 572 महिला और 943 थर्ड जेंडर शामिल हैं। दूसरे चरण के चुनाव में सबसे अधिक 22 उम्मीदवार चैनपुर, सासाराम और गया टाउन में वहीं लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज और बनमंखी में सबसे कम पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों में से 121 सीटों पर प्रथम चरण के तहत 06 नवंबर को चुनाव संपन्न हो गया है।बिहार विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान में मतदाताओं ने 65.08 प्रतिशत मतदान दर्ज कर राज्य के चुनावी इतिहास में एक नया कीर्तिमान बनाया है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!