पटना (11 नवंबर 25)। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। मतदान सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक चला। वहीं, सुरक्षा कारणों से कटोरिया (सुरक्षित) के 121 मतदान केन्द्र, बेलहर के 140 मतदान केन्द्र, चैनपुर, चेनारी (सुरक्षित) के 62 मतदान केन्द्र, गोह के 25 मतदान केन्द्र, नवीनगर के 26 मतदान केन्द्र, कुटुंबा (सुरक्षित) के 169 मतदान केन्द्र,औरंगाबाद के 57 मतदान केन्द्र, रफीगंज के 125 मतदान केन्द्र, गुरूआ के 12 मतदान केन्द्र, शेरघाटी के 48 मतदान केन्द्र, इमामगंज (सुरक्षित) के 361 मतदान केन्द्र, बाराचट्टी (सुरक्षित) के 36 मतदान केन्द्र, बोधगया (सुरक्षित) के 20 मतदान केन्द्र, रजौली (सुरक्षित), गोविंदपुर और जमुई जिले की सभी चार सीटें सिकंदरा (सुरक्षित), जमुई, झाझा और चकाई में मतदान शाम पांच बजे तक ही हुआ। दूसरे चरण में 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसमें पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव सहित कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। मतदान करने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में फिर से एनडीए की सरकार बड़ी मजबूती के साथ बनेगी, और 14 नवंबर को बिहारवासी विजय की दीपावली मनाएंगे।केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गयाजी में अपने गांव महकार में वोट डाला। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा, 'भारत के गणतंत्र की यही व्यवस्था है कि एक मताधिकार राष्ट्रपति को मिला है और एक ही मत का अधिकार सर्व साधारण व्यक्ति के पास भी है। आज मैंने यहां पर मतदान दिया... हम NDA की वकालत करते रहे हैं। प्रथम चरण में 65% मतदान हुए हैं जिसमें 70% महिलाओं का योगदान रहा है। इस बार भी महिलाओं का योगदान वही रहेगा। हमारे 122 में से कम से कम 80 उम्मीदवार जीतेंगे... यहां पर भी आधे से ज्यादा मत NDA को मिला है।' जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने द्वितीय चरण के तहत मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में बदलाव के लिए, शिक्षा और रोजगार के लिए, पलायन बंद करने के लिए और भ्रष्टाचार को बंद करने के लिए हर एक वोट जरूरी है।