जमुई (17 सितंबर 24)। बिहार में पुलों के टूटने का सिलसिला नहीं थम रहा है। एक बार फिर बिहार में पुल के टूटने की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, बिहार के जमुई जिले के बरनार नदी पर बने बेली ब्रिज का पिलर धंस गया। इसके बाद पुल के टूटने का खतरा बनाया है। पिलर धंसने की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, सुरक्षा के लिहाज से पुल पर आवागमन बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि बारिश के बाद पानी के तेज बहाव से नदी पर बने बेली ब्रिज का पिलर धंस गया। जानकारी के अनुसार बारिश के बाद तेज बहाव से जमुई जिले के सोनो प्रखंड के बरनार नदी पर एक साल पहले बना बेली ब्रिज का पिलर धंस गया है। पिलर धंसने के बाद बेली ब्रिज झुक गया है। कोई बड़ा हादसा न हो इसलिए तत्काल बेली ब्रिज से आवगमन बंद कर दिया गया है। बता दें, काजवे पुल धंसने के बाद जमुई में बेली ब्रिज का निर्माण कराया गया था। पुल का सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आया है। वीडियो में देख सकते हैं कि पानी पुल की ऊंचाई के करीब पहुंच गया है और पानी का बहाव बहुत तेज है। जानकारी के अनुसार पिछले साल अगस्त में बेली ब्रिज बनाया गया था। काजवे पुल टूटने के बाद सीएम नीतीश कुमार भी यहां का दौरा किया था। काजवे पुल टूटने के बाद यहां आवागमन को बंद कर दिया गया था। वहीं अब बेली ब्रिज के पिलर धंसने के बाद से एक बार फिर से निर्माण कार्य पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। बता दें कि पुल के दूसरे तरफ 14 पंचायत की हजारों आबादी का आवागमन इसी रास्ते से होता है। बेली ब्रिज के पिलर धंसने के बाद डीएम अभिलाषा शर्मा मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया है।