पटना (14 नवंबर 25)। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने 200 से अधिक सीटे जीत कर प्रचंड बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि लगभग 90 प्रतिशत स्ट्राइक रेट के साथ भारतीय जनता पार्टी राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है। राजग के कई प्रमुख नेता और प्रदेश सरकार के मंत्री चुनाव जीत गए हैं।
मशहूर गायिका और बीजेपी की प्रत्याशी मैथिली ठाकुर ने अलीनगर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर ली है। इसके साथ ही वह सबसे कम उम्र की विधायक बन गईं हैं। मैथिली ठाकुर (Maithili Thakur) को कुल 84,915 वोट मिले, जबकि आरजेडी के कैंडिडेट बिनोद मिश्रा 73185 वोट लाकर पिछड़ गए। मैथिली ठाकुर ने 11730 वोटों से बिनोद मिश्रा को हरा दिया है। तीसरे नंबर पर निर्दलीय प्रत्याशी सेफुद्दीन ने 2803 वोट प्राप्त किए।
इधर, बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने विधानसभा चुनाव में तरापुर सीट पर 45,843 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, चौधरी को कुल 1,22,480 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के अरुण कुमार ने 76,637 मत हासिल किए। जन सुराज पार्टी के संतोष कुमार सिंह 3,898 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसी बीच राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के संस्थापक तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि जयचंदों ने RJD को खोखला किया, इसलिए आज तेजस्वी यादव फेल हुए है।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में 'एक्स फैक्टर' मानी जा रही प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी (जसुपा) 243 सदस्यीय सदन में अब तक खाता खोलने में विफल रही है। निर्वाचन आयोग से मिले रुझानों के अनुसार, जसुपा के अधिकांश उम्मीदवार कुल डाले गए मतों के सापेक्ष 10 प्रतिशत से भी कम वोट हासिल कर पाए हैं। पूर्व राजनीतिक रणनीतिकार द्वारा गठित इस पार्टी को बेरोजगारी, पलायन और उद्योगों की कमी जैसे मुद्दों पर जोरदार प्रचार के बावजूद मतदाताओं का पर्याप्त समर्थन नहीं मिल सका।