पटना (06 नवंबर 25)। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। मतदान सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक चला। वहीं सुरक्षा कारणों से मुंगेर जिले की तीन सीटें तारापुर, मुंगेर और जमालपुर के अलावा सिमरी बख्तिायारपुर, महिषी और सूर्यगढ़ा के 56 मतदान केन्द्रों पर मतदान शाम पांच बजे तक ही हुआ। प्रथम चरण में 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, इनमें सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, तेजस्वी यादव, खेसारी लाल यादव सहित कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।
भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह ने अपने पैतृक गांव बड़हरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जोकहरी पहुंचकर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की। तस्वीरें देखकर ऐसा लगा रहा है कि इस बार बिहार में महिलाएं सरकार तय करेंगी। बिहार के उपमुख्यमंत्री और तारापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सम्राट चौधरी ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान किया। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कर राजद नेता और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा, 'दोनों बेटों को मां की शुभकामना है। दोनों को आशीर्वाद है।' तेजस्वी यादव ने कहा, 'हम तो यही कहेंगे कि बदलाव ज़रूरी है, नया बिहार बनाएं, नई सरकार बनाएं।' केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पटना स्थित चकाराम प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 58 में डाला वोट। इस दौरन उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों अनुकंपा की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने राजनीति को अपनी जागीर समझ लिया है।' केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मतदान के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के सेना संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए कहा, 'सेना पर बयान करके उन्होंने अपनी ही फजीहत कराई है। उन्हें कोई ज्ञान नहीं है।' पहले चरण में जिन 18 जिलों में मतदान हुआ, उनमें- मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर शामिल हैं।