बीजापुर (13 नवंबर 25)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में मारे गए छह नक्सलियों में वरिष्ठ माओवादी नेता पापा राव की पत्नी उर्मिला और माओवादी बुचन्ना कुडियम शामिल हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बुचन्ना उर्फ कन्ना (35) पिछले एक दशक में सुरक्षा बलों, नागरिकों और विकास परियोजनाओं को निशाना बनाकर किए गए कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड था, जबकि उर्मिला माओवादियों की पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) बटालियन के लिए रसद आपूर्ति की मुख्य संचालक थी।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र यादव ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मंगलवार को इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के अंदरूनी इलाके कांदुलनार और कचलारम गांव के जंगल में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र के कांदुलनार, कचलारम और गुज्जाकोंटा के जंगलों में स्पेशल जोनल कमेटी के सदस्य पापाराव, मद्देड़ एरिया कमेटी के प्रभारी कन्ना ऊर्फ बुचन्ना, डिविजनल कमेटी सदस्य उर्मिला, मोहन कड़ती और पश्चिम बस्तर डिवीजन के 50-60 माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया गया।यादव ने बताया कि मुठभेड़ में उर्मिला, बुचन्ना और चार अन्य माओवादियों को मार गिराया गया, जबकि अन्य वरिष्ठ नेता भागने में सफल रहे। अधिकारी ने बताया कि चार अन्य मृतकों की पहचान पांच लाख रुपये के इनामी, एरिया कमेटी के सदस्य जगत तामो ऊर्फ मोटू तथा प्लाटून सदस्य देवे, भगत और मंगली ओयम शामिल हैं। इन पर दो-दो लाख रुपये का इनाम है। यादव ने बताया कि आठ लाख रुपये के इनामी बुचन्ना दक्षिण बस्तर में सक्रिय सबसे खूंखार माओवादी नेताओं में से एक माना जाता था। वह पिछले एक दशक में सुरक्षाबलों, नागरिकों और विकास परियोजनाओं को निशाना बनाकर किए गए कई बड़े नक्सली हमलों का एक प्रमुख साजिशकर्ता भी था। उन्होंने बताया कि बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ 42 आपराधिक मामले दर्ज हैं और 18 गिरफ्तारी वारंट लंबित है।