Thursday, 01 Oct 2026

बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत से टकराया विमान

बीजिंग (27 जून 26)।  चीन की राजधानी बीजिंग से एक दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने साल 2001 में अमेरिका में हुए 9/11 के आतंकी हमले की यादें ताजा कर दी हैं। बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत, CITIC टावर (जिसे 'चाइना जुन' भी कहा जाता है) से एक विमान टकरा गया है। इस भीषण टक्कर के बाद पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल है।

हादसा इतना जबरदस्त था कि 109 मंजिल ऊंचे इस टावर की खिड़कियां चकनाचूर हो गईं और इमारत से भारी मात्रा में मलबा नीचे गिरने लगा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान का पिछला हिस्सा इमारत में फंसा हुआ साफ देखा जा सकता है। फिलहाल, पुलिस, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इमारत की ऊपरी मंजिलों पर अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, टकराने वाला विमान चीन में ही बना एक हल्का स्पोर्ट एयरक्राफ्ट है, जिसका नाम Sunward SA 60L Aurora बताया जा रहा है। 'फ्लाइटरेडार24' के डेटा से पता चला है कि दुर्घटना के समय यह विमान अपने तय रास्ते से काफी दूर भटक गया था।

यह हादसा तब हुआ है जब चीन ने सुरक्षा के मद्देनजर 1 मई से ही बीजिंग को 'ड्रोन मुक्त शहर' घोषित कर रखा है। ऐसे में राजधानी के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में इस तरह का हादसा होना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अभी तक इस घटना में हुई जनहानि की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन बचाव दल अंदर फंसे लोगों को निकालने की कोशिशों में जुटा है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!