Monday, 28 Sep 2026

बुलंदशहर से पकड़ा गया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज

नईदिल्ली (06 सितंबर 26)। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कहा था कि निशु आज़ाद के पिता पर कथित हमले के मामले में भारद्वाज के खिलाफ कारर्वाई की जायेगी। इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक पुलिस ने भारद्वाज की हिरासत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी। यह हिरासत‘कॉकरोच जनता पार्टी'(सीजेपी) के सदस्यों को दिल्ली पुलिस के उस आश्वासन के कुछ घंटे बाद हुई, जिसमें पुलिस ने भारद्वाज के खिलाफ कारर्वाई की मांग कर रहे सदस्यों से कहा था कि उसे 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उत्तर प्रदेश में इन्फ्लुएंसर का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें तैनात की गई थीं।

इससे पहले, पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि भारद्वाज मोटरसाइकिल से नैथला गांव से निकला था और खुर्जा की ओर गया था। बताया जा रहा है कि इलाके से निकलते समय उसने हेलमेट पहना हुआ था, ताकि उसकी पहचान न हो सके। उसे खोजने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस टीमें तैनात की गई थीं। पुलिस की यह कार्रवाई एक पॉडकास्ट को लेकर हुए विवाद के बाद हुई है, जिसमें भारद्वाज ने कथित तौर पर दावा किया था कि जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने निशु आज़ाद के पिता संजय कुमार पर हमला किया था। उनके बयानों के बाद विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गये और उनकी गिरफ्तारी की मांग उठने लगी। भारद्वाज ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है और कहा है कि लोगों के एक समूह से घिर जाने के बाद उन्होंने आत्मरक्षा में ऐसा किया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें पीट-पीटकर मार डाले जाने का डर था और कहा कि जब उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की, तो कुमार के सिर पर चोट लग गई। उन्होंने कुमार की चोटों की गंभीरता के दावों को भी गलत बताया और कहा कि वह जांच में सहयोग कर रहे हैं। इन्फ्लुएंसर ने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पॉडकास्ट क्लिप के साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने उन आरोपों को भी खारिज कर दिया कि राजनीतिक संपर्क की वजह से वह गिरफ्तारी से बच पाये। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता कपिल मिश्रा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान उनके भाइयों की तरह हैं और राजनीतिक प्रभाव के बारे में उनकी पिछली बातें व्यंग्य में कही गई थीं।

यह विवाद पॉडकास्ट में भारद्वाज की कही बातों पर केंद्रित है, जिसमें उन्होंने कुमार पर हमला करने की जिम्मेदारी ली और हमले के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने दावा किया कि कुमार के सिर में चोट आई थी और उन्हें टांके लगाने पड़े थे। इन बातों के बाद सीजेपी समर्थकों ने संसद मार्ग थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और भारद्वाज के ख़लिाफ़ सख़्त कारर्वाई की मांग की।

Tags:

Follow us

This question is not available..!