Tuesday, 29 Sep 2026

बैंकांक पब फायर हादसे की भयावह दास्तान

बैंकांक (13 जुलाई 26)। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लोकप्रिय रोंग बीयर ना लाट फ्राओ (Rong Beer Na Lat Phrao) पब में रविवार देर रात लगी भीषण आग में 2 दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अधिकांश लोगों की मौत आग से झुलसने के बजाय जहरीले धुएं में दम घुटने से हुई। जांच अधिकारियों के अनुसार आग की शुरुआत पब के स्टेज के पास छत में लगे एयर कंडीशनर (AC) में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई। देखते ही देखते आग पूरे परिसर में फैल गई और कुछ ही मिनटों में पब घने धुएं से भर गया। धुएं के कारण लोगों को बाहर निकलने का रास्ता दिखाई नहीं दिया और सांस लेना भी मुश्किल हो गया।

 दमकल अधिकारियों ने बताया कि पब के इमरजेंसी एग्जिट खुले नहीं थे। एक निकास द्वार के सामने बीयर के क्रेट रखे थे, जबकि दूसरे रास्ते पर टेबलें लगी हुई थीं। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग बाहर नहीं निकल सके और अंदर ही फंस गए। बैंकॉक के गवर्नर चैडचार्ट सिट्टीपंट ने बताया कि आग फैलने के बाद लोग जान बचाने के लिए पब के पिछले हिस्से की ओर भागे, जहां किचन, बाथरूम और इमरजेंसी एग्जिट मौजूद थे। लेकिन रास्ता बंद होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। रेस्क्यू टीम को सबसे ज्यादा शव बाथरूम और उसके आसपास मिले, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि लोग आखिरी समय तक बचने की कोशिश करते रहे। फायर ब्रिगेड अधिकारी चक्रित खोंगकोम ने बताया कि पब पूरी तरह धुएं से भर चुका था। ऑक्सीजन मास्क पहनकर दमकलकर्मियों ने कई घंटों तक अंदर फंसे लोगों की तलाश की। बॉडी कैमरा फुटेज में जली हुई कुर्सियां, टेबलें और मलबे के बीच से शवों और घायलों को निकालते हुए देखा गया।


Tags:

Follow us

This question is not available..!