Sunday, 27 Sep 2026

बैंक यूनियनों की तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित

नईदिल्ली (28 सितंबर 26)। 28 से 30 सितंबर तक देशभर में प्रस्तावित बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के प्रतिनिधियों के बीच हुई अहम बैठक के बाद हड़ताल टालने का निर्णय लिया गया। कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। यूनियनों की मुख्य मांग बैंकों में 'फाइव डे वर्किंग वीक' की व्यवस्था लागू करने और हर शनिवार को अवकाश देने की है। वर्तमान समय में देश के बैंकों में केवल दूसरे और चौथे शनिवार को ही अवकाश रहता है।

यूनियनों का तर्क है कि 5-डे वर्किंग का प्रस्ताव पिछले दो से अधिक वर्षों से चर्चा में है, जबकि सरकारी सूत्रों के अनुसार यह पिछले वेतन समझौते का हिस्सा नहीं था। इससे पहले वित्त मंत्रालय ने कर्मचारियों से हड़ताल न करने की अपील करते हुए चेतावनी दी थी कि इससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया था कि पारिवारिक पेंशन से जुड़ी मांगों को पिछली वार्ताओं में ही सुलझा लिया गया है। हफ्ते में 5 दिन काम की मांग को लेकर UFBU ने 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का भी प्रस्ताव दिया था। हालांकि, रविवार रात हुई वार्ता में इस मुद्दे पर अंतिम सहमति बनी है या नहीं और इसका आगे की हड़ताल पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह स्थिति तुरंत स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!