Wednesday, 30 Sep 2026

बोनस में कर्मचारियों को दिए सोने के कीबोर्ड कैप

बीजिंग (09 नवंबर 25)। चीन की एक टेक कंपनी ने अपने कर्मचारियों को इस बार एक अनोखा और महंगा बोनस गिफ्ट दिया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कंपनी के सभी कर्मचारियों को सोने से बने कंप्यूटर कीबोर्ड के कीकैप्स दिए गए। इस अनोखे बोनस के बारे में चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि यह सिर्फ एक महंगा गिफ्ट नहीं बल्कि कर्मचारियों के लिए आर्थिक स्थिरता का माध्यम भी है।

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी का कहना है कि यह गिफ्ट महंगा होने के कारण नहीं बल्कि कर्मचारियों को सोने के रूप में आर्थिक सुरक्षा देने के लिए दिया गया है। कंपनी पिछले चार वर्षों से लगातार अपने स्टाफ को इसी तरह के गोल्ड कीकैप्स प्रदान कर रही है। इस परंपरा के लिए कंपनी को कर्मचारियों और उद्योग में काफी सराहना मिली है। शेनझेन, गुआंग्डोंग प्रांत में स्थित कंपनी Insta360 ने 24 अक्टूबर को चीन में प्रोग्रामर दिवस के मौके पर कई उत्कृष्ट कर्मचारियों को 21 गोल्ड कीकैप्स देकर सम्मानित किया। इनकी कीमत बेहद आकर्षक है। सबसे भारी कीकैप का वजन 35.02 ग्राम है और इसका मूल्य लगभग 320,000 युआन यानी करीब 40 लाख रुपये है। कंपनी ने पिछले कुछ वर्षों में कुल 55 गोल्ड कीकैप्स कर्मचारियों को प्रदान किए हैं। सोने की बढ़ती कीमतों के कारण इन बोनस का मूल्य पहले वर्ष की तुलना में दोगुना हो गया है। Insta360 360-डिग्री कैमरों के क्षेत्र में एक प्रमुख ब्रांड है और गोप्रो को कड़ी टक्कर देता है। तकनीकी उद्योग में अपने कर्मचारियों को सोने का बोनस देने की परंपरा के कारण इसे 'गोल्ड फैक्टरी' के नाम से भी जाना जाता है। 

कंपनी ने विभिन्न अवसरों पर कर्मचारियों को सोने के सिक्के और अन्य गोल्ड गिफ्ट भी दिए हैं। जुलाई में अपनी दसवीं वर्षगांठ पर कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को गोल्ड ब्लाइंड बॉक्स उपहार में दिए गए, जिनमें 0.36 ग्राम वजन के शुद्ध सोने के स्टिकर्स थे। वहीं, जिन कर्मचारियों की हाल ही में शादी हुई या जिनके घर बच्चे का जन्म हुआ, उन्हें 1 ग्राम वजन का शुद्ध सोने का सिक्का दिया गया। साल के अंत की पार्टी में 50 ग्राम वजन के 999 ग्राम सोने का मुख्य पुरस्कार भी प्रदान किया गया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!