ब्रासीलिया (03 जून 25)। ब्रिक्स संसदीय मंच में भाग लेने ब्राजील पहुँचे कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पाकिस्तान को लेकर बेहद साफ और सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि भारत तभी बातचीत करेगा जब पाकिस्तान अपने यहाँ मौजूद आतंकी ढाँचों को खत्म करने की ठोस कार्रवाई करेगा।
शशि थरूर ने कहा कि हम पाकिस्तान से हिंदी, अंग्रेज़ी या पंजाबी में बात कर सकते हैं। लेकिन असली दिक्कत ये है कि वो शांति और सभ्यता की हमारी सोच को साझा नहीं करता। भारत तभी बातचीत करेगा जब पाकिस्तान अपने देश में मौजूद 'हर आतंकी संगठन और ट्रेनिंग कैंप' के खिलाफ कार्रवाई करेगा। थरूर ने कहा अगर पाकिस्तान खुद को पाक-साफ मानता है, तो फिर वहां आतंकियों को शरण क्यों मिलती है? उन्हें ट्रेनिंग और हथियार कौन देता है? पाकिस्तान भारत को कमजोर करने के लिए बार-बार चोट पहुंचाना चाहता है, लेकिन भारत इतना कमजोर नहीं कि टूट जाए। थरूर ने कहा बातचीत तभी संभव है जब पाकिस्तान सभ्य, शांतिप्रिय और आतंक-विरोधी सोच अपनाए।
भारत फिलहाल पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय रिश्तों और आतंकी ढांचे को खत्म करने की उसकी विफलता पर केंद्रित है। थरूर ने बताया कि उन्होंने गुयाना, पनामा, कोलंबिया और ब्राजील में भारत का आतंकवाद विरोधी संदेश मजबूती से रखा और सभी देशों ने समर्थन भी जताया। थरूर ने कहा 'ब्रिक्स का अपना एजेंडा होता है। हो सकता है वे समर्थन दें, पर यह तय नहीं है कि वे सीधे भारत-पाक मसले पर कोई बयान जारी करें।'