लंदन (22 जून 25)। इजराइल के समर्थन में अमेरिका द्वारा ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर किये गए हमले पर ब्रिटेन ने कहा है कि वह इस कार्रवाई में शामिल नहीं है। हालांकि, उसे पहले से ही इसकी जानकारी दी गई थी। । ब्रिटेन के कैबिनेट मंत्री जोनाथन रेनॉल्ड्स ने स्काई न्यूज को बताया कि ईरान पर अमेरिकी हमले की पहले ही सूचना दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन को एक महत्वपूर्ण सहयोगी के रूप में सूचित किया गया था। हालांकि हमले के समय की सटीक जानकारी नहीं दी गई थी। जोनाथन ने कहा कि अमेरिका ने समर्थन नहीं मांगा था और ब्रिटेन इसमें शामिल नहीं था। उन्होंने कहा, ‘हालांकि ब्रिटेन इन हमलों में शामिल नहीं है, लेकिन हम सभी संभावित परिस्थितियों के लिए व्यापक तैयारी कर रहे हैं।'
मंत्री ने कहा कि ब्रिटिश सरकार अपने नागरिकों के साथ-साथ क्षेत्र में अपने सैन्य ठिकानों, कर्मियों और बुनियादी ढांचे की रक्षा के लिए काम कर रही है। वहीं, इजराइली सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने कहा कि उनका देश अब भी ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिकी हमलों से हुए नुकसान का आकलन कर रहा है। डेफ्रिन से संवाददाताओं ने जब सवाल किया कि क्या अमेरिकी हमले से पहले फोर्दो से संवर्धित यूरेनियम हटा लिया गया था, तो उन्होंने कहा कि यह कहना अभी बहुत जल्दी है। डेफ्रिन ने कहा कि हमले इजराइली सेना के साथ समन्वय में किए गए थे। इस बीच, उपग्रह से ली गईं तस्वीरों में फोर्दो स्थित भूमिगत परमाणु स्थल की पहाड़ी को नुकसान दिखाई दे रहा है।