Wednesday, 07 Oct 2026

ब्रिटेन में फिलिस्तीन समर्थकों के साथ ग्रेटा थनबर्ग गिरफ्तार

लंदन (24 दिसंबर 25)। प्रसिद्ध जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को मंगलवार को लंदन के मध्य क्षेत्र में उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह फिलिस्तीन समर्थक कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन कर रही थीं। ये कार्यकर्ता जेल में बंद अपने साथियों के समर्थन में भूख हड़ताल कर रहे हैं। ‘प्रिजनर्स फॉर पैलेस्टाइन’ नामक संगठन ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें 22 वर्षीय स्वीडिश कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को प्रदर्शनकारियों के समर्थन में तख्ती पकड़े देखा जा सकता है। यह संगठन ‘पैलेस्टाइन एक्शन’ से जुड़ा है, जिसे ब्रिटिश सरकार इस साल आतंकवादी संगठन घोषित कर चुकी है।

यह प्रदर्शन एक बड़े विरोध का हिस्सा था, जिसमें दो अन्य कार्यकर्ताओं ने लंदन के वित्तीय केंद्र सिटी ऑफ लंदन में स्थित एक बीमा कंपनी के सामने लाल पेंट छिड़क दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह कंपनी इज़राइल से जुड़ी रक्षा कंपनी एल्बिट सिस्टम्स का समर्थन करती है। सिटी ऑफ लंदन पुलिस ने बताया कि एक पुरुष और एक महिला को आपराधिक क्षति के संदेह में गिरफ्तार किया गया, जबकि बाद में एक तीसरी महिला को प्रतिबंधित संगठन के समर्थन के आरोप में हिरासत में लिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोप तय होने से पहले संदिग्धों के नाम सार्वजनिक नहीं किए जाते। संगठन के अनुसार, पैलेस्टाइन एक्शन के आठ सदस्य जमानत के बिना हिरासत में रखे जाने के विरोध में भूख हड़ताल पर हैं। इनमें से दो कार्यकर्ता 52 दिनों से भूखे हैं और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। ब्रिटिश सरकार ने न्यायिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप से इनकार करते हुए कहा है कि जमानत और हिरासत से जुड़े फैसले अदालतों का विषय हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!