Monday, 28 Sep 2026

ब्रिटेन में 4 जुलाई को आम चुनाव, संसद भंग की सिफारिश

लंदन (23 मई 24 )। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने बुधवार को घोषणा की कि चार जुलाई को देश में आम चुनाव कराए जाएंगे। उनकी इस घोषणा के साथ ही चुनाव की तारीखों को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया। लंदन में बारिश के बीच, देश के भारतीय मूल के पहले प्रधानमंत्री सुनक ने छह सप्ताह में मतदान कराए जाने की पुष्टि की। प्रधानमंत्री चुनाव की तारीख की जानकारी औपचारिक रूप से महाराज चार्ल्स को देंगे और उसके बाद संसद जल्द ही भंग कर दी जाएगी। सुनक (44) ने ब्रिटिश मतदाताओं के समक्ष अपने कायर्काल का रिकॉर्ड पेश किया। उन्होंने कहा, 'मैं अपनी शक्ति के अनुसार आपको मजबूत सुरक्षा प्रदान करने के लिए सब कुछ करूंगा। यह मेरा आपसे वादा है... अब समय आ गया है कि ब्रिटेन अपना भविष्य चुने।'

कैबिनेट बैठक की खबर के बाद जल्द आम चुनाव की चर्चा चल रही थी, लेकिन हाल ही में ब्रिटिश संसद में पीएम सुनक ने कहा था कि इस साल की दूसरी छमाही में आम चुनाव होंगे। संसद में सुनक ने ब्रिटिश अर्थव्यवस्था के लिए कुछ अच्छी खबरें भी दीं, जिनमें महंगाई दर कम होकर 2.3 फीसदी रहने का एलान भी शामिल है। यह बीते तीन वर्षों में सबसे कम है। सुनक ने विपक्षी लेबर पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि 'लेबर पार्टी देश की अर्थव्यवस्था को खतरे में डाल देगी। वहीं कंजरवेटिव पार्टी देश के भविष्य को बचाने की कोशिश कर रही है।' 

Tags:

Follow us

This question is not available..!