Thursday, 01 Oct 2026

भगवान विष्णु की दिव्य प्रतिमा को हजारों श्रद्धालुओं ने निहारा

इंदौर (10 जनवरी 25)। राजवाड़ा पर भगवान श्रीहरि विष्णु की शेश सैया पर विराजित 11 फुट की अद्भुत दिव्य प्रतिमा के दर्शनकर हर कोई अपने आप को धन्य समझ रहा था। शंख, घंटे, घडिय़ाल के साथ पुलिस का बैंड भक्ति की रसधारा घोल रहा था तो भक्त शांताकारं भुजगशयनं... विष्णुसहस्त्रानाम स्त्रोत, नारायण-नारायण हरि-हरि के जयघोष से राजवाड़ा क्षेत्र गूंजायमान हो रहा था। वहीं गजराज अपनी विशेष मुद्रा से सबको मोहित कर रहे थे।

गुरुवार सुबह सर्द हवाओं के बीच राजवाड़ा पर भक्तिमय माहौल यहां से गुजरने वालों को अपने रंग में रंग रहा था। सद्गुरु लोकेशानंद महाराज भगवान विष्णु की दिव्य 11 फिट की 21 टन वजनी प्रतिमा के भव्य और मनोहारी रथ पर पूजन करते हुए भगवान विष्णु सहस्त्रानाम का जाप दर्जनों ब्राह्मणजन कर रहे थे। इस अद्भुत और अचरज भरे दृश्य के साथ भगवान की दिव्य प्रतिमा के दर्शनों के लिए इंदौर शहर के सैकड़ों विष्णुभक्त ढाई घंटे से ज्यादा मौजूद रहे। राजवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में पीले रंग की पताकाएं लहरा रही थीं। भजन-कीर्तन हो रहे थे। धर्म ध्वजाएं लहरा रही थी। दोपहर पौने 12 बजे महाआरती के पश्चात 235 किमी की शोभायात्रा शुरू हुई, जो किशनपुरा छत्रि, जेल रोड, कोठारी मार्केट होते हुए रीगल से मधुमिलन, भंवरकुआं आदि क्षेत्रों से गुजरकर रवाना हुई। लोकेशानंद महाराज ने बताया कि पंच धातु से निर्मित भगवान विष्णु की यह प्रतिमा शहादा में स्थापित की जाएगी। इंदौर से राऊ, महू, मानपुर, ठीकरी, बरु फाटक, जुलवानिया, गुजरी, सेंधवा, निवाली, पानसेमल, खेतिया आदि स्थानों से गुजरेगी। यात्रा का रात्रि पड़ाव 9 जनवरी को धामनोद, 10 जनवरी को सेंधवा में रहेगा। 11 जनवरी को शहादा पहुंचने के बाद यात्रा नगर भ्रमण करेगी। 11 से 14 जनवरी तक महाराष्ट्र के शहादा में भक्ति महोत्सव मनाया जाएगा। भजन-कीर्तन और महापूजन के साथ भगवान विष्णु की विशेष अर्चना होगी। 12 से 15 जनवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन होगा। इसी बीच 14 जनवरी को सूर्यदेव के उत्तरायण होने मकर संक्राति के अवसर पर श्री विष्णु की इस दिव्य प्रतिमा को गर्भगृह में प्रवेश कराया जाएगा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!