भोपाल (05 अगस्त 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान सहस्त्रबाहु के पराक्रम और गौरवशाली इतिहास की जानकारी युवाओं को देने के लिए इसे पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह घोषणा मंदाकिनी नगर कोलार रोड स्थित जेके मेडिकल कॉलेज के सभाकक्ष में अखिल भारतवर्षीय हैहय कलचुरि महासभा के 89वें स्थापना दिवस समारोह में की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत के पराक्रमी शासक और महापुरुष विनम्रता और राष्ट्रप्रेम के गुणों के लिये याद किए जाते हैं। इनके जीवन और कार्यों की जानकारी आज की पीढ़ी को भी मिलना चाहिए। कार्यक्रम में भोपाल की महापौर मालती राय भी उपस्थित थीं। प्रारंभ में जेएनसीटी के चांसलर जेएन चौकसे एवं आयोजक संस्था के अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विशाल पुष्पहार से स्वागत किया। भगवान सहस्त्रबाहु की तस्वीर पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दो पुस्तकों 'सहस्त्र -दीप' और 'कलचुरि समाज' विमोचन किया। संपादक प्रकाश राय पुस्तकों के संपादक मंडल के सदस्य एवं कलचुरि महासभा के पदाधिकारी उपस्थित थे।