Thursday, 08 Oct 2026

भयंकर ज्वालामुखी विस्फोट, 4.4 किमी ऊंचाई तक फैली राख

क्युशू (18 नवंबर 25)। जापान के पश्चिमी द्वीप क्युशू पर स्थित बेहद सक्रिय साकुराजिमा ज्वालामुखी में रविवार को एक बड़ा विस्फोट हो गया। कागोशिमा शहर के दक्षिणी छोर के पास स्थित इस ज्वालामुखी में एक ही दिन में तीन बार विस्फोट हुए जिससे निकला धुआं और राख का गुबार हवा में 4.4 किलोमीटर (लगभग 14,400 फीट) की ऊंचाई तक पहुंच गया। जापानी मौसम एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है जिसके परिणामस्वरूप कागोशिमा हवाई अड्डे से 30 उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। 

साकुराजिमा ज्वालामुखी में तीन बार विस्फोट हुए। यह पिछले 13 महीनों में पहली बार है, जब ज्वालामुखी की राख 4 किलोमीटर से अधिक ऊंचाई तक पहुंची है। इससे पहले 2019 में साकुराजिमा से 5.5 किलोमीटर ऊंचा राख का गुबार निकला था। स्थानीय मीडिया के अनुसार आसमान में काले बादल छा जाने और राख गिरने से जुड़ी परेशानियों की वजह से कागोशिमा हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 30 उड़ानों को रद्द कर दिया गया। हवाई अड्डा प्रबंधन ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया है। जेएमए ने चेतावनी दी है कि विस्फोट के बाद राख उत्तर-पूर्व दिशा में बह गई है। रविवार को कागोशिमा शहर और आस-पास के मियाजाकी प्रांत में राख गिरने की उम्मीद है। लोगों को घरों में रहने और मास्क पहनने की सलाह दी गई है क्योंकि राख से सांस की बीमारी और आंखों में जलन हो सकती है। सड़कों पर फिसलन हो सकती है इसलिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जापान सरकार ने इलाके में अलर्ट लेवल बढ़ा दिया है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!