नईदिल्ली (09 जून 24)। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के नये मंत्रियों की सूची में अपना नाम नहीं होने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहेंगे और भारत को एक विकसित देश बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को पूरा करने में योगदान देंगे। ठाकुर ने मोदी और उनके 'मंत्रियों की टीम' को बधाई दी और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राजग सरकार में जिन लोगों को मंत्री पद के लिए चुना गया है, वे 'बहुत सक्षम' हैं।
निवर्तमान सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने कहा कि वे देश को प्रगति के पथ पर ले जाने के लिए 'हर संभव प्रयास' करेंगे। हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में ठाकुर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से संसद के निचले सदन के लिए पुनः निर्वाचित हुए हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें हिमाचल प्रदेश में कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलेगी, इस पर ठाकुर ने यहां पत्रकारों से कहा, 'मैं पहले पार्टी का कार्यकर्ता हूं। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर की जनता ने मुझे लगातार पांचवीं बार लोकसभा के लिए चुना है। पांचवीं बार लोकसभा के लिए चुना जाना अपने आप में बहुत बड़ा सम्मान है।' ठाकुर ने कहा, 'भाजपा ने मुझे पांच बार लोकसभा चुनाव लड़ने का मौका दिया है। मेरे लिए इससे बड़ा अवसर कोई और नहीं हो सकता।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पहले भी पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर काम किया है और आगे भी पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर काम करता रहूंगा। हमारा पूरा प्रयास भारत को प्रगति के पथ पर ले जाना है। हम सब साथ-साथ चलेंगे क्योंकि भारत महत्वपूर्ण है, मोदी सरकार महत्वपूर्ण है और देश की प्रगति महत्वपूर्ण है।' ठाकुर ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि मनोनीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छुएगा और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था तथा विकसित देश बनेगा।