इंदौर (29 सितंबर 24। भारतीय जनता पार्टी अपने सदस्यता अभियान के नाम पर भारी फर्जीवाड़ा कर रही है। इसका शिकार हुए कांग्रेस नेता दीपक जोशी 'पिंटू' ने इस फर्जीवाड़े पर बड़ा खुलासा किया है। जोशी के अनुसार भाजपा ने सदस्यता अभियान में फर्जीवाड़े की हद पार करते हुए उनके मोबाइल नंबर पर भी कथित सदस्यता के लिए वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरा करने संबंधी मैसेज भेज दिया, जबकि उन्होंने ऐसी किसी भी प्रक्रिया में शामिल होने की कल्पना तक नहीं की। जोशी ने कहा कि इससे भाजपा के कथित सदस्यता अभियान की पोल खुल गई है।
उल्लेखनीय है कि दीपक जोशी 'पिंटू' वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय महेश जोशी जी के सुपुत्र है और गत विधानसभा चुनाव में इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक तीन से कांग्रेस के प्रत्याशी भी रहे थे। उन्होंने भाजपा के इस फर्जीवाड़े की पोल खोलते हुए स्पष्ट किया कि वे वर्षों से कांग्रेस के निष्ठावान कार्यकर्ता और आजीवन सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि वे देश के संविधान में विश्वास रखने तथा कांग्रेस की रीति-नीति को मानने वाले हैं। ऐसे में भाजपा ने कथित सदस्यता के नाम पर जो फर्जीवाड़ा किया है, वह निंदनीय है।