Thursday, 01 Oct 2026

भाजपा को 2,600 व कांग्रेस को 281 करोड़ से अधिक चंदा मिला

नईदिल्ली (27 दिसंबर 24)। देश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 2023-24 के दौरान 2,604.74 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा मिला, जबकि विपक्षी दल कांग्रेस को 281.38 करोड़ रुपये मिले। निर्वाचन आयोग द्वारा सार्वजनिक की गई दोनों दलों की चंदा रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट में सूचीबद्ध चंदा लोकसभा चुनाव से पहले 31 मार्च, 2024 तक प्राप्त हुआ था। भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले 740 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा मिलने की घोषणा की थी जबकि कांग्रेस ने 2018-19 में 146 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा प्राप्त करने का दावा किया था। 

इसके अनुसार 2023-24 के दौरान भाजपा को प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से 723 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा मिला जबकि ट्रायम्फ इलेक्टोरल ट्रस्ट से 127 करोड़ रुपये से अधिक और आइन्जीगार्टिग इलेक्टोरल ट्रस्ट से 17 लाख रुपये से अधिक का चंदा मिला। रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस को प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट से 150 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा मिला, जो पार्टी को चंदा देने वाला एकमात्र ट्रस्ट था। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस को 1.38 लाख रुपये का ऐसा चंदा मिला, जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, के सी वेणुगोपाल और दिग्विजय सिंह समेत अन्य शीर्ष नेताओं से प्राप्त चंदा भी शामिल हैं। आम आदमी पार्टी (आप), जो एक मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय पार्टी है, को भी वित्तीय वर्ष के दौरान 11.06 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा प्राप्त हुआ। एक अन्य मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी को 7.64 करोड़ रुपये से अधिक का चंदा प्राप्त हुआ। रिपोर्ट के अनुसार पूर्वोत्तर की एकमात्र मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय पार्टी नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) को 14.85 लाख रुपये से अधिक का चंदा मिला। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!