रांची (07 नवंबर 24)। झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा छोड़ झारखण्ड मुक्ति मोर्चा में शामिल होने का सिलसिला लगातार जारी है। विगत 1 माह में सैकड़ों भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने झारखंड मुक्ति मोर्चा का दामन थामा है। बुधवार को भी कांके रोड में हेमंत सोरेन के समक्ष संथाल परगना के बरहेट से भाजपा नेता शिमोन मालतो ने अपने समर्थकों के साथ झारखण्ड मुक्ति मोर्चा का दामन थामा। मुख्यमंत्री ने सभी नए सदस्यों का स्वागत गर्मजोशी से किया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झामुमो परिवार में नए सदस्यों के आने से परिवार को और मजबूती मिली है। झामुमो सभी का स्वागत करता है। वहीं दूसरी ओर सोरेन से सांसद पप्पू यादव ने मुलाकात की। दोनों के बीच झारखण्ड विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पप्पू यादव ने कहा झारखण्ड में फिर से गठबंधन के लोग सरकार बनायेंगे।