Sunday, 04 Oct 2026

भाजपा प्रवक्ता सलूजा को दी अंतिम विदाई

इंदौर (02 मई 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को इंदौर स्थित उनके निवास पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित कर परिवारजनों को ढांढस बंधाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश सगंठन महामंत्री हितानंद ने सलूजा के निधन पर शोक व्यक्त किया। सलूजा की अंतिम यात्रा प्रातः 11 बजे उनके निज निवास रानीबाग से रीजनल पार्क मुक्तिधाम पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। सलूजा को उनके पुत्र मीत सलूजा ने मुखाग्नि दी। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सलूजा के निवास पहुंचकर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सलूजा का असामयिक निधन भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ी क्षति है। सलूजा भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता थे। पार्टी ने एक होनहार व्यक्ति को खो दिया है, यह दुखद है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने सलूजा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा सलूजा का असमय निधन भाजपा परिवार के लिए बड़ी क्षति है। पार्टी ने एक अच्छे वक्ता को खो दिया है। 

इसके पूर्व नरेंद्र सलूजा की अंतिम यात्रा शुक्रवार सुबह रीजनल पार्क पहुंची, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में प्रदेश शासन के मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक मधु वर्मा,  रमेश मेंदोला, युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष निशांत खरे, पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव रणदिवे, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर, प्रदेश प्रवक्ता  आलोक दुबे, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, केके मिश्रा, प्रमोद टंडन विभिन्न मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ पत्रकारों सहित पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में समाजजन व इंदौर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!