Wednesday, 30 Sep 2026

भारतीयों की नाराजगी के बाद इजरायल ने मांगी माफी

नईदिल्ली (14 जून 25)। इजरायल की सेना ने भारत की सीमाओं को गलत तरीके से दर्शाने वाले एक नक्शे को लेकर सोशल मीडिया पर माफी मांगी है। यह घटना तब सामने आई जब शुक्रवार देर शाम इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने 'एक क्षेत्रीय खतरे के तौर पर ईरान' पर टिप्पणी करते हुए एक ग्राफिकल पोस्ट साझा किया, जिसमें भारत की अंतरराष्ट्रीय सीमाएं गलत दिखाई गई थीं-खासकर जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बताकर।

पोस्ट सामने आते ही भारतीय यूज़र्स ने भारी नाराजगी जाहिर की। कई लोगों ने सीधे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को टैग करते हुए पोस्ट को हटाने और सही नक्शा डालने की मांग की। कुछ यूज़र्स ने कड़े शब्दों में इजरायल को कूटनीतिक चेतावनी भी दी। IDF ने करीब 90 मिनट के भीतर एक जवाबी ट्वीट में कहा, 'यह पोस्ट केवल क्षेत्रीय चित्रण है। यह नक्शा वास्तविक सीमाओं को ठीक से नहीं दर्शाता। अगर किसी को इससे ठेस पहुंची हो, तो हम क्षमा चाहते हैं।' भारत सरकार की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन देश बार-बार यह दोहराता रहा है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न हिस्से हैं, जिनके कुछ हिस्से पाकिस्तान और चीन के अवैध कब्जे में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन 'सिंदूर' के बाद यह बात जोर देकर कही थी।

Tags:

Follow us

This question is not available..!