नईदिल्ली (30 अगस्त 25)। एशिया कप 2025 के लिए मंगलवार (19 अगस्त) को भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान किया गया, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में तकरार बढ़ गई है। शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने इस घोषणा पर तीखा विरोध जताते हुए कहा कि ‘अब बीजेपी के चीयरलीडर्स भारत-पाकिस्तान मैच देखने के लिए दुबई जाएंगे।’ उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर 2025 को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा।
प्रियंका चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'ऑपरेशन सिंदूर को भुलाया जा सकता है, लेकिन जब तक बीसीसीआई इस मैच से अपनी कमाई करता रहेगा, यह शर्मनाक ही रहेगा।' उन्होंने बीसीसीआई पर पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच आयोजित करके मुनाफा कमाने का आरोप लगाया है। प्रियंका ने एक अन्य पोस्ट में कहा, 'पाकिस्तान की हॉकी टीम ने भारत में आयोजित एशिया कप हॉकी मैच की मेजबानी को नजरअंदाज किया है। वहीं, हमारी बीसीसीआई एशिया कप क्रिकेट के लिए टीम घोषित कर दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच जारी रखने के लिए बेहद उत्सुक है। पहलगाम में शहीदों के परिवारों के साथ यह विश्वासघात है, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।'
प्रियंका चतुर्वेदी ने संसद में भी इस विषय को उठाया था। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में कहा था कि भारत को पाकिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए। उन्होंने कहा, 'अगर आप (अमित शाह) ICC के चेयरमैन से कहेंगे कि इंडिया-पाकिस्तान मैच नहीं होना चाहिए, तो यह संभव है।' वहीं, उद्धव ठाकरे के बेटे और महाराष्ट्र के मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा, 'बीजेपी आपको पाकिस्तान जाने के लिए कहती रहेगी। वे डेलीगेशन भेजकर दुनिया को बताना चाहते हैं कि पाकिस्तान के आतंकवादियों ने भारत पर हमला किया था। लेकिन बीसीसीआई पाकिस्तान के साथ मैच खेलकर कमाई का मौका नहीं छोड़ सकती।'