नईदिल्ली (14 नवंबर 24)। भारत और पाकिस्तान के कई शहरों में बढ़ते एयर पॉल्यूशन की वजह से लोग सांस लेने में तकलीफ का सामना कर रहे हैं। स्विस फर्म आईक्यूएयर द्वारा जारी की गई 121 देशों की लाइव रैंकिंग में भारत के तीन प्रमुख शहरों का नाम प्रदूषण के मामले में शीर्ष स्थान पर आया है। इस रैंकिंग के अनुसार, भारत की राजधानी दिल्ली सबसे प्रदूषित शहर है, जबकि पाकिस्तान का लाहौर दूसरा सबसे प्रदूषित शहर है। स्विस फर्म आईक्यूएयर की लाइव रैंकिंग में 13 नवंबर को दिल्ली का एक्यूआई (Air Quality Index) 515 तक दर्ज किया गया। यह स्तर 'बहुत-बहुत खतरनाक' श्रेणी में आता है। एक्यूआई 500 के ऊपर होने पर हवा को बेहद खतरनाक माना जाता है, और यह स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। आईक्यूएयर की रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान का लाहौर शहर है, जहां का एक्यूआई 432 मापा गया। यह भी 'बहुत खतरनाक' श्रेणी में आता है। प्रदूषण की स्थिति इतनी खराब है कि लाहौर में सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं, पाकिस्तान के कराची शहर को 147 एक्यूआई के साथ 14वें नंबर पर रखा गया है, जो कि 'खराब' श्रेणी में आता है।