Monday, 28 Sep 2026

भारत की जन्मदर में गिरावट पर मस्क ने जताई चिंता

न्यूयार्क (08 जून 26)। भारत की तेजी से घटती जन्मदर को लेकर एलन मस्क ने चिंता व्यक्त की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक संदेश में उन्होंने कहा कि भारत की प्रजनन दर अब उस स्तर से नीचे पहुंच चुकी है, जिसे किसी देश की आबादी को लंबे समय तक स्थिर बनाए रखने के लिए आवश्यक माना जाता है। मस्क ने यह भी कहा कि शिक्षित वर्ग में यह गिरावट काफी पहले से देखी जा रही थी और अब इसका प्रभाव राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई देने लगा है।

संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोषकी 2025 विश्व जनसंख्या स्थिति रिपोर्ट के अनुसार भारत की कुल प्रजनन दर घटकर 1.9 जन्म प्रति महिला रह गई है। एक दशक पहले यह दर लगभग 2.3 थी। यानी सिर्फ 10 वर्षों में इसमें उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। रिपोर्ट के अनुसार देश की कुछ महानगरों और शहरी क्षेत्रों में यह दर और भी कम हो चुकी है। राजधानी दिल्ली में यह आंकड़ा लगभग 1.2 बताया जा रहा है, जो कई विकसित देशों के स्तर के बराबर या उससे भी कम है। रिप्लेसमेंट लेवल वह न्यूनतम जन्मदर होती है जो किसी देश की आबादी को स्थिर बनाए रखने के लिए जरूरी मानी जाती है।आमतौर पर यह दर 2.1 मानी जाती है।  इसका मतलब है कि औसतन प्रत्येक महिला के 2.1 बच्चे होने चाहिए ताकि एक पीढ़ी अपनी अगली पीढ़ी द्वारा पूरी तरह प्रतिस्थापित हो सके। यदि यह दर लंबे समय तक 2.1 से नीचे रहती है, तो भविष्य में आबादी घटने लगती है और उम्रदराज लोगों का अनुपात बढ़ जाता है।

भारत की आबादी वर्तमान में लगभग 1.46 अरब से अधिक है। वर्ष 2023 में भारत ने China को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बनने का स्थान हासिल किया था। हालांकि आबादी अभी भी बड़ी है, लेकिन जन्मदर में लगातार गिरावट यह संकेत दे रही है कि आने वाले दशकों में जनसंख्या वृद्धि की गति काफी धीमी हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार भारत में स्वास्थ्य सुविधाओं और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार हुए हैं। हालांकि मातृ मृत्यु दर, लैंगिक असमानता, बाल विवाह और कम उम्र में गर्भधारण जैसी चुनौतियां अभी भी मौजूद हैं। विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों में इन मुद्दों पर अभी भी काम किए जाने की जरूरत है। यदि जन्मदर में गिरावट का मौजूदा रुझान जारी रहता है, तो आने वाले दशकों में भारत को कई नई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!