नईदिल्ली (24 अक्टूबर 25)। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद कर देगा। थरूर ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि मिस्टर ट्रंप का भारत के फैसलों के बारे में ऐलान करना उचित है। भारत अपने फैसले खुद करेगा और खुद ही दुनिया को बताएगा। हम दुनिया को नहीं बताते कि मिस्टर ट्रंप क्या करेंगे, इसलिए ट्रंप को भी नहीं बताना चाहिए कि भारत क्या करेगा।' थरूर का यह बयान ऐसे समय आया है, जब मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई थी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने व्यापारिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। अमेरिका द्वारा भारतीय सामान पर 50 फीसदी तक भारी टैरिफ लगाए जाने से दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है। व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, 'मोदी और मैंने व्यापार पर बात की। हम कई चीजों पर चर्चा कर रहे हैं, लेकिन मुख्य रूप से व्यापार की दुनिया पर। वह इसमें बहुत दिलचस्पी ले रहे हैं।' ट्रंप ने आगे दावा किया, 'मैंने प्रधानमंत्री मोदी से बात की। हमारे बीच बहुत अच्छे रिश्ते हैं और वह रूस से ज्यादा तेल नहीं खरीदेंगे। वह चाहते हैं कि रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म हो, जितना मैं चाहता हूं। उन्होंने तेल खरीद बहुत कम कर दी है और इसे और कम करते जा रहे हैं।' गौरतलब है कि पिछले हफ्ते भी ट्रंप ने दावा किया था कि मोदी ने उन्हें बताया कि भारत रूसी तेल खरीदना बंद कर देगा। हालांकि, भारत ने स्पष्ट किया कि दोनों नेताओं के बीच ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई।