Tuesday, 29 Sep 2026

भारत गौरव ट्रेन से करें नेपाल दर्शन, इंदौर से होगी रवाना

इंदौर (21 मई 26)। नेपाल घूमने की चाह रखने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय रेलवे और IRCTC पहली बार इंदौर से नेपाल के लिए विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन शुरू करने जा रहे हैं। 12 जून 2026 से शुरू होने वाली यह खास यात्रा श्रद्धालुओं और पर्यटकों को 9 रात और 10 दिन के शानदार इंटरनेशनल टूर पर ले जाएगी।

पशुपतिनाथ नेपाल दर्शन यात्रा नाम से शुरू किए जा रहे इस पैकेज में यात्रियों को नेपाल के प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी। इस दौरान काठमांडू, पोखरा, चितवन और मनकामना जैसे लोकप्रिय डेस्टिनेशन शामिल रहेंगे। IRCTC के इस ऑल-इन-वन पैकेज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यात्रियों को अलग से होटल, टिकट या लोकल ट्रांसपोर्ट बुक करने की जरूरत नहीं होगी। ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, भोजन और स्थानीय भ्रमण सभी सुविधाएं पैकेज में पहले से शामिल रहेंगी।

भारतीय रेलवे की भारत गौरव पहल का मकसद यात्रियों को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन से जोड़ना है। यह सिर्फ ट्रेन यात्रा नहीं बल्कि एक पूरा टूर एक्सपीरियंस माना जा रहा है, जिसमें परिवारों और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा का खास ध्यान रखा गया है। यह ट्रेन इंदौर से रवाना होकर उज्जैन, भोपाल, इटारसी, जबलपुर और सतना जैसे स्टेशनों से यात्रियों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी। रेलवे के अनुसार पूरी यात्रा वातानुकूलित कोच में कराई जाएगी और सुरक्षा के साथ ऑनबोर्ड स्टाफ की भी व्यवस्था रहेगी, ताकि यात्रियों को आरामदायक सफर मिल सके।

Tags:

Follow us

This question is not available..!