नईदिल्ली (28 मई 25)। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर हलचल तेज़ हो गई है। फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते के तहत कई उत्पादों पर आयात शुल्क (टैरिफ) में बड़ी कटौती की पेशकश की है। हालांकि भारत चाहता है कि कुछ खास कृषि उत्पादों जैसे अनाज और डेयरी पर ऊंचा आयात शुल्क बरकरार रखा जाए।
भारत की कोशिश है कि 9 जुलाई से पहले अमेरिका के साथ एक मजबूत व्यापार समझौता हो जाए, ताकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा घोषित भारी टैरिफ से बचा जा सके। भारत की ओर से एक अधिकारी ने बताया 'हम अमेरिका को कई सेक्टरों में गहरी टैरिफ कटौती का प्रस्ताव दे रहे हैं, लेकिन यह तभी संभव है जब दोनों पक्षों को बराबर फायदा हो।' भारत उन क्षेत्रों में लचीलापन दिखा रहा है जो औद्योगिक या मैन्युफैक्चरिंग उत्पादों से जुड़े हैं, लेकिन खाद्य अनाज, दूध और डेयरी जैसे संवेदनशील कृषि उत्पादों को लेकर भारत अब भी सख्त है। राष्ट्रपति ट्रंप ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि यदि यूरोप और भारत ने व्यापार में रियायतें नहीं दीं तो वह 50% टैरिफ लागू करेंगे। हालांकि उन्होंने फिलहाल इसकी डेडलाइन 1 जून से बढ़ाकर 9 जुलाई कर दी है। सोशल मीडिया पर ट्रंप ने लिखा- 'मुझे उम्मीद है कि यूरोपीय देश और भारत, अमेरिका के साथ निष्पक्ष व्यापार के लिए अपने दरवाजे खोलेंगे। अगर ऐसा हुआ तो सभी को फायदा होगा।'