नईदिल्ली (10 जून 24)। भारत ने रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2024 के रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 6 रन से हरा दिया। पाकिस्तान की टीम यह मैच बड़ी आसानी से जीत सकती थी, लेकिन टीम इंडिया ने अपनी क्लास दिखाते हुए हार के जबड़े से भी जीत को छीन लिया। भारतीय बल्लेबाजों के फ्लॉप शो के बाद गेंदबाजों ने मोर्चा संभाला और कोई गलती नहीं की। टीम इंडिया के गेंदबाजों ने 120 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम को 113 रन के स्कोर पर ही रोक दिया। हालांकि यह जीत भारत के लिए आग में से बचकर निकलने जैसी थी।
भारत के खिलाफ रविवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के मैच में पाकिस्तान को आखिरी 6 गेंदों पर जीत के लिए 18 रन की जरूरत थी, लेकिन अर्शदीप सिंह ने आखिरी ओवर में बाजी पलट दी। पाकिस्तान का स्कोर 19वें ओवर के बाद 6 विकेट पर 102 रन था और जीत के लिए आखिरी 6 गेंदों में 18 रन की जरूरत थी, जिसे बनाया जा सकता था। पाकिस्तान के लिए उस वक्त इमाद वसीम और नसीम शाह क्रीज पर मौजूद थे। अर्शदीप सिंह ने अपना कमाल दिखाया और आखिरी ओवर में सिर्फ 11 रन दिए।