Monday, 28 Sep 2026

भारत ने साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराया, 2-1 से जीती सीरीज

विशाखापत्तनम (07 दिसंबर 25)। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला शनिवार को विशाखापत्तनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेला गया, जहां टीम इंडिया ने धमाकेदार अंदाज़ में 9 विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया। यशस्वी जायसवाल इस मुकाबले के हीरो रहे। उन्होंने 121 गेंदों पर नाबाद 116 रन की पारी खेलकर अपने वनडे करियर का पहला शतक बनाया। उनकी पारी में 12 चौके और दो छक्के शामिल थे। कप्तान रोहित शर्मा (75 रन) और विराट कोहली (नाबाद 65 रन) ने भी शानदार योगदान दिया।

रनचेज में भारत की शुरुआत तूफानी रही। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने पहले विकेट के लिए 155 रनों की बड़ी साझेदारी की। रोहित ने 54 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की और 73 गेंदों में 75 रन बनाए (7 चौके, 3 छक्के)। यशस्वी ने 75 गेंदों पर अर्धशतक और 111 गेंदों पर शानदार शतक जड़ा। रोहित के आउट होने के बाद यशस्वी और कोहली ने स्कोर को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचाया। कोहली ने भी एक और क्लासिक फिफ्टी लगाई। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 270 रन बनाए, लेकिन उनकी शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में रिकेल्टन बिना खाता खोले आउट हुए। इसके बाद क्विंटन डिकॉक और बावुमा ने 112 रनों की साझेदारी की। बावुमा 48 रन बनाकर आउट हुए। डिकॉक ने 80 गेंदों पर शतक पूरा किया और 106 रन बनाए (8 चौके, 6 छक्के)। लेकिन बीच ओवरों में प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव ने अफ्रीकी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। कुलदीप ने एक ही ओवर में दो विकेट चटकाए और कुल चार विकेट झटके। कृष्णा ने भी चार विकेट लेकर अफ्रीका की पारी को समेट दिया। आखिरी विकेट बार्टमैन के रूप में गिरा, जिसे कृष्णा ने आउट किया। भारत ने वॉशिंगटन सुंदर की जगह तिलक वर्मा को शामिल किया गया। वहीं साउथ अफ्रीका ने इंजरी के कारण नांद्गे बर्गर और टोनी डी जोरजी बाहर रहे। उनकी जगह बार्टमैन और रिकेल्टन को खेलने का मौका मिला।

Tags:

Follow us

This question is not available..!