नईदिल्ली (10 मई 25)। भारत और पाकिस्तान के बीच बीते कई दिनों से जारी सैन्य तनाव के बाद अब एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। दोनों देशों ने पूर्ण और तत्काल सीज़फायर (युद्धविराम) पर सहमति जता दी है। यह समझौता पाकिस्तान की पहल पर शुरू हुई सैन्य वार्ता और अमेरिका की मध्यस्थता से संभव हो पाया है। भारतीय और पाकिस्तानी डायरेक्टर जनरल मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) के बीच शनिवार दोपहर बातचीत हुई, जिसके बाद दोनों देशों ने सभी प्रकार की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला लिया। यह बातचीत पाकिस्तान की ओर से पहल के बाद शुरू हुई। गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पाहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भी जवाबी ड्रोन हमले किए। बीते दो दिन से दोनों देशों के बीच मिसाइल और ड्रोन हमले की घटनाएं हो रही थीं।