Wednesday, 30 Sep 2026

भारत बनाएगा एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट

नईदिल्ली (30 मई 25)। भारत ने फाइव्थ जेनरेशन स्टील्थ फाइटर जेट की दिशा में ऐतिहासिक कदम बढ़ा दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में घोषणा की कि देश में एडवांस मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) के पांच प्रोटोटाइप बनाए जाएंगे। यह केवल तकनीकी प्रगति नहीं, बल्कि भारत की आत्मनिर्भरता और रक्षा शक्ति का नया अध्याय है। अब तक रक्षा प्रोजेक्ट्स का जिम्मा सरकारी कंपनियों तक सीमित रहता था लेकिन AMCA प्रोजेक्ट के तहत पहली बार निजी कंपनियों को भी फाइटर जेट बनाने में शामिल किया जाएगा। इससे न केवल रक्षा क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी बल्कि उत्पादन की रफ्तार और गुणवत्ता में भी सुधार होगा DRDO के चेयरमैन समीर कामथ के अनुसार AMCA का पहला प्रोटोटाइप 2029 तक बनकर तैयार हो जाएगा। वहीं पूरी तरह से यह फाइटर जेट 2034 तक तैयार होगा और 2035 तक इसे भारतीय वायुसेना में शामिल कर लिया जाएगा। यह लड़ाकू विमान आत्मनिर्भर भारत की सबसे बड़ी पहचान बनेगा।

AMCA की खासियत: आधुनिक तकनीक और AI से लैस- AMCA एक टू-इंजन फाइटर जेट होगा जो मल्टी-रोल क्षमता के साथ आएगा। इसका वजन करीब 25 टन होगा और इसमें अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। इसकी स्टील्थ डिजाइन में दुश्मन के रडार को चकमा देने की क्षमता होगी। AI-सक्षम इलेक्ट्रॉनिक पायलट: जो मल्टी-सेंसर डाटा फ्यूजन के जरिए तुरंत निर्णय लेने में मदद करेगा। नेटसेंट्रिक वारफेयर: सभी सैन्य संसाधनों को जोड़ने की शक्ति से लैस। इंटीग्रेटेड व्हीकल हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम, इंटरनल वेपन बे: जो विमान को स्टील्थ बनाए रखेगा और इन सबके कारण यह फाइटर जेट दुनिया के किसी भी फाइव्थ जेनरेशन एयरक्राफ्ट को टक्कर दे सकेगा। फरवरी 2025 में बेंगलुरु में आयोजित एयरो इंडिया शो में AMCA का फुल-स्केल मॉडल पहली बार प्रदर्शित किया गया था। इसे देखकर भारत की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भरता का अंदाजा पूरी दुनिया को हो गया।

चीन और पाकिस्तान को जवाब देगा भारत का AMCA- चीन ने हाल ही में जे-35 फाइटर जेट को लॉन्च किया है और पाकिस्तान ने उससे 40 जेट्स का ऑर्डर भी दे दिया है। पाकिस्तान पहले ही JF-17 और J-10 फाइटर जेट्स चीन से ले चुका है। अब जे-35 के आने से पाकिस्तान की हवाई ताकत बढ़ेगी लेकिन भारत का AMCA उसे सीधे टक्कर देगा। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान और चीन की सैन्य नजदीकियों ने भारत के सामने दोहरे मोर्चे की चुनौती खड़ी की है। ऐसे में AMCA भारत के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है।

रूस और अमेरिका की नजर भारत पर- एयरो इंडिया में रूस के Su-57e और अमेरिका के F-35 जैसे स्टील्थ जेट्स ने हिस्सा लिया था। इससे अटकलें लगाई जा रही थीं कि भारत किसी एक देश से स्टील्थ जेट खरीद सकता है। हालांकि सरकार ने साफ किया कि अभी ऐसा कोई निर्णय नहीं हुआ है। रूस ने भारत को Su-57 का डिजाइन साझा करने और ‘मेक इन इंडिया’ के तहत इसका निर्माण भारत में करने की पेशकश की है। अमेरिका की तरफ से प्रत्यक्ष रूप से F-35 का ऑफर नहीं आया लेकिन उनका उद्देश्य भारत की दिलचस्पी बढ़ाना जरूर था।

तुर्किए और चीन की नई तैयारियां- चीन के बाद तुर्किए ने भी फिफ्थ जेनरेशन फाइटर जेट ‘KAAN’ तैयार करने का दावा किया है। पाकिस्तान ने तुर्किए से बायरेक्टर ड्रोन भी खरीदे हैं, जिन्हें अब भारतीय सीमा के पास लाहौर में तैनात किया गया है। ऐसे में भारत का AMCA प्रोजेक्ट न सिर्फ सामरिक जरूरत है, बल्कि एक रणनीतिक जवाब भी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!