नईदिल्ली (25 नवंबर 25)। भारत की सरकारी रक्षा कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और फ्रांस की दिग्गज डिफेंस कंपनी Safran Electronics & Defense ने मिलकर दुनिया के सबसे एडवांस्ड स्मार्ट बम HAMMER को भारत में ही बनाने के लिए आधिकारिक समझौता कर लिया है।
यह समझौता BEL के CMD मनोज जैन और Safran के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट अलेक्जेंडर ज़िग्लर ने साइन किया। फरवरी 2025 में एयरो इंडिया के दौरान सिर्फ एक MoU साइन हुआ था, लेकिन अब इसे आगे बढ़ाकर एक जॉइंट वेंचर कंपनी बनाने का फैसला हो गया है। नई JVC में BEL और Safran दोनों की 50-50% हिस्सेदारी होगी।
HAMMER (Highly Agile Modular Munition Extended Range) फ्रांस द्वारा बनाया गया एक एडवांस्ड एयर-टू-ग्राउंड प्रिसिजन गाइडेड बम है। यह बम भारत के राफेल लड़ाकू विमानों की सबसे खतरनाक ताकत माना जाता है। 70 किलोमीटर दूर बैठे दुश्मन के टारगेट को भी मिटा सकता है। उड़ान के दौरान बीच रास्ते में अपना मार्ग खुद बदल सकता है। दुश्मन की जैमिंग या इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर से प्रभावित नहीं होता। बंकर, कमांड सेंटर, रडार स्टेशन, पुल और भारी संरचनाओं को भेदने में सक्षम। फ्रांस ने इसे कई युद्ध अभियानों में इस्तेमाल किया है और इसकी सफलता साबित हो चुकी है।
शुरुआत में कुछ पार्ट्स फ्रांस से आएंगे, लेकिन धीरे-धीरे 60% कॉम्पोनेंट भारत में ही बनने लगेंगे। इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, मैकेनिकल पार्ट्स और सब-असेम्बली भारत में तैयार होगी। अंतिम असेंबली, टेस्टिंग और क्वालिटी चेक BEL खुद करेगी। इससे HAMMER का पूरा इकोसिस्टम भारत में ही खड़ा हो जाएगा।
भारत को क्या बड़े फायदे होंगे?- भारतीय वायुसेना के लिए तुरंत उपलब्धता, अब IAF को विदेश का इंतज़ार नहीं करना होगा। युद्ध की स्थिति में कम समय में बड़ी संख्या में बम बनाए जा सकेंगे।
स्वदेशीकरण और आत्मनिर्भरता- यह परियोजना भारत को रक्षा क्षेत्र में और मजबूत करेगी। पैसा भारत में रहेगा और तकनीक भी देश में विकसित होगी।
हजारों नए रोजगार- BEL और Safran की संयुक्त फैक्ट्री में बड़ी संख्या में इंजीनियर व तकनीशियन भर्ती होंगे।
तेजस लड़ाकू विमान पर भी लगेगा HAMMER । यह एक बड़ा कदम है, क्योंकि तेजस को पहले से ज्यादा घातक बनाया जा सकेगा।
रखरखाव और अपग्रेड भी भारत में- युद्ध या संकट के समय यह सबसे बड़ा फायदा होगा, किसी भी पार्ट के लिए फ्रांस का इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा।
राफेल की मारक क्षमता कई गुना बढ़ेगी- HAMMER पहले ही राफेल का ‘सबसे भरोसेमंद’ हथियार माना जाता है। भारत में बनने के बाद यह- सस्ता होगा, जल्दी उपलब्ध होगा और भारत की स्ट्राइक कैपेबिलिटी को कई गुना बढ़ाएगा।