नईदिल्ली (08 अगस्त 24)। बांग्लादेश में आरक्षण को लेकर शुरू हुए विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप धारण कर लिया और स्थिति यह हो गई की प्रधानमंत्री शेख हसीना को इस्तीफा तो देना ही पड़ा साथ ही साथ उनको अपना देश तक छोड़ना पड़ गया। इसके परिणामस्वरूप, बांग्लादेश में हालात बेहद बिगड़ गए हैं। इस बीच, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने बांग्लादेश में चल रहे हंगामे पर टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जो हो रहा है, वही भारत में भी हो सकता है। उनके अनुसार, भले ही सतह पर हालात सामान्य लग रहे हों, लेकिन भारत में भी बांग्लादेश की तरह हिंसक सरकार विरोधी प्रदर्शन संभव हैं।
एक किताब के विमोचन के अवसर पर, सलमान खुर्शीद ने कश्मीर और भारत के मौजूदा हालात पर भी बयान दिया। उन्होंने कहा, 'कश्मीर में सब कुछ सामान्य नजर आ सकता है, और यहां भी हालात सामान्य दिख सकते हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि सतह के नीचे बहुत कुछ हो रहा है।' खुर्शीद ने आगामी 2024 के चुनावों के संदर्भ में भी टिप्पणी की।