देहरादून (01 जून 26)। उत्तराखंड में मौसम के बदले मिजाज ने पहाड़ से लेकर मैदान तक भारी तबाही मचाई है। खराब मौसम और स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण केदारनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री मार्ग पर पिछले 24 घंटों में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। मौसम विभाग के 'ऑरेंज अलर्ट' को देखते हुए प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को बीच में ही रोक दिया है और यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है।
मौसम विभाग ने आगामी घंटों में भारी बारिश, तेज हवाएं और तूफान की संभावना जताई है। संभावित खतरे को देखते हुए केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को विभिन्न पड़ावों और होल्डिंग क्षेत्रों में रोककर सुरक्षित ठहराया गया है। पैदल यात्रा मार्ग पर मौजूद यात्रियों को भी निकटतम सुरक्षित स्थानों और निर्धारित होल्डिंग एरिया में रखा गया है। वहीं श्रीनगर क्षेत्र में केदारनाथ धाम की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी फिलहाल रोक दी गई है। वाहनों को निर्धारित होल्डिंग क्षेत्रों में खड़ा कराया जा रहा है ताकि मौसम सामान्य होने तक किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। प्रशासन ने कहा है कि मौसम में सुधार और यात्रा मार्ग की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद ही श्रद्धालुओं एवं वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति दी जाएगी। जिला प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।