बन्नू (10 मई 26)। खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में शनिवार रात हुए भीषण आत्मघाती हमले ने पूरे पाकिस्तान को दहला दिया। पुलिस प्रतिष्ठान को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में कम से कम 12 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार हमला रात करीब 8:55 बजे हुआ। हमलावरों ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी को पुलिस ठिकाने से टकरा दिया। इसके बाद क्वाडकॉप्टर ड्रोन गतिविधियां देखी गईं और फिर आतंकियों ने जमीनी हमला भी किया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरी इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, हमले में लगभग 1,200 से 1,500 किलोग्राम विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया। धमाके के बाद राहत और बचाव दल भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने में जुटे रहे, क्योंकि आशंका है कि अभी भी कुछ लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। आतंकी संगठन 'इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान' ने सोशल मीडिया के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान के अफगानिस्तान सीमा से लगे इलाकों में आतंकी गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। पिछले कुछ महीनों में Pakistan के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में सुरक्षा बलों और पुलिस पर हमलों में तेजी आई है।