इंदौर (07 अप्रैल 26)। निकाह कर आष्टा से बारातियों को लेकर इंदौर आ रही क्वालिस गाड़ी आगे से ट्रक में जा घुसी। हादसा रविवार रात 1.30 बजे देवगुराड़िया के समीप ट्रेंचिंग ग्राउंड के सामने हुआ। इसमें 3 लोगों की मौके पर और एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने कड़ी मशक्कत कर क्वालिस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एमवाय अस्पताल पहुंचाया।
इनकी हुई मौत : आरिस पिता साजिद अली (20) निवासी इकबाल कालोनी और द़ूल्हे का चचेरा भाई फरहान पिता जावेद मेव (19) निवासी इकबाल कालोनी तथा अरफाद पिता रईस अब्बासी (23) निवासी सुभाष मार्ग ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। ये हुए घायल : आसिफ पिता रफीक (38) निवासी सिकंदराबाद, अयान पिता आबिद (17) निवासी इकबाल कालोनी, सोनू पिता जावेद (19) निवासी इकबाल कालोनी, अलफेज पिता नासिर (18)निवासी सुभाष मार्ग, फैजान पिता फिरोज (16)निवासी इकबाल कालोनी, मो. अली पिता साबिर (22) निवासी जूना रिसाला, मो. आसिफ पिता शाहिद (22) निवासी इकबाल कालोनी तथा रेहान पिता मकसूद (21) निवासी इकबाल कालोनी। देवगुराड़िया के समीप ट्रक क्रमांक एमपी-41-जीए-0949 और क्वालिस कार क्रमांक एमपी-35-डी-0363 की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। वहीं, दूल्हे आरिफ के भाई फरहान की गर्दन कटकर अलग हो गई। हादसा कार चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से हुआ। घायलों में 6 का इलाज एमवाय, एक का सुयश और एक का मेडिकेयर अस्पताल में उपचार चल रहा है।